top of page

क्या चाय पीना पसंद करेंगे आप ?

क्या चाय पीना पसंद करेंगे आप ?

जब कोई पूछता है "चाय पियेंगे..?"

तो वो सिर्फ़ ये नहीं पूछता तुमसे 
की दूध ,चीनी और चायपत्ती 
को उबालकर बनी हुई एक कप चाय पीना चाहेंगे !

वो पूछता है ...
क्या आप बांटना चाहेंगे 
कुछ चीनी सी मीठी यादें
कुछ चायपत्ती सी कड़वी
दुःख भरी बातें..?

वो पूछता है..
क्या आप चाहेंगे 
बाँटना मुझसे अपने कुछ 
अनुभव, मुझसे कुछ आशायें
कुछ नई उम्मीदें..?

उस एक प्याली चाय के 
साथ वो बाँटना चाहता है,
अपनी ज़िन्दगी के वो पल 
तुमसे..जो "अनकही" है अब तक 
वो दास्ताँ...जो "अनसुनी" है अब तक...!

वो कहना चाहता है ..
तुमसे, तमाम किस्से 
जो सुना नहीं पाया किसी अपनों 
को कभी..!

एक प्याली चाय 
के साथ वो एक बार और 
जी लेना चाहता है, अपने 
उन टूटे हुये और ख़त्म हुए 
ख्वाबों को !

वो उस गर्म चाय की प्याली के साथ उठते हुए धुएं के साथ
कुछ पल को अपनी सारी 
फ़िक्र उड़ा देना चाहता है !

वो कर लेना चाहता है 
अपने उस एक नजर वाले हुए 
प्यार का इज़हार !
तो कभी उस शिद्दत से की 
गयी मोहब्बत का इकरार..!

तो अब जब कोई पुछे
तुमसे "चाय पियेंगे"...?

तो हाँ कहकर बाँट लेना उसके साथ
अपनी कुछ मीठी यादें
और कुछ कड़वी दुख भरी बातें....

~ Unknown

bottom of page